MP News: मप्र मेंं पहली बार रक्षाबंधन पर अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टी घोषित
MP News: For the first time in MP, officers and employees declared holiday on Raksha Bandhan
MP News: मध्यप्रदेश में 30 अगस्त यानी बुधवार को बैंक, बीमा और ट्रेजरी (जिला कोषालय) में भी छुट्टी रहेगी। सरकार ने पहली बार रक्षाबंधन पर अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टी घोषित की है। इससे प्रदेश के करीब 50 हजार अधिकारी-कर्मचारियों को फायदा मिलेगा।
प्रदेश में रक्षाबंधन पर सार्वजनिक अवकाश रहता है, लेकिन बैंकों, बीमा, कोषालय और उप कोषालयों की छुट्टी नहीं रहती थी। कर्मचारी इसकी मांग कर रहे थे। बैंकों से जुड़े यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस मध्यप्रदेश ने 10 अगस्त को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेटर लिखकर 30 अगस्त, रक्षाबंधन पर बैंक और वित्तीय संस्थाओं में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की थी। वहीं, अन्य संगठनों ने भी मांग उठाई थी।
सरकार को लेटर लिखा था- एमपी में भी अवकाश घोषित हो(MP News)
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस मध्यप्रदेश के को-ऑर्डिनेटर वीके शर्मा ने बताया कि लेटर के जरिए प्रदेश सरकार से मांग की थी कि जब देश के विभिन्न राज्यों में बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में रक्षाबंधन पर अवकाश घोषित किया जा सकता है, तो मध्यप्रदेश में क्यों नहीं?
लेटर में लिखा था कि अन्य राज्यों की तुलना में मध्यप्रदेश त्योहारों पर सबसे कम अवकाश घोषित करने वाले राज्यों में जाना जाता है। 2023 में बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में त्योहारों के अवसर पर जहां अन्य प्रदेशों की कई राज्य सरकारों द्वारा 25-25 अवकाश घोषित किए गए हैं। वहीं, मध्यप्रदेश सरकार ने मात्र 16 अवकाश ही घोषित किए हैं।
पहले कई राज्यों में वहां की राज्य सरकारों द्वारा राज्य कर्मचारियों के साथ-साथ बैंक व वित्तीय संस्थानों में भी निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत 30 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर अवकाश घोषित किया जा चुका है, इसलिए मध्यप्रदेश में भी यह मांग की जा रही थी। आखिरकार, सरकार ने सार्वजनिक अवकाश के आदेश जारी कर दिए।
अब तक ये 16 अवकाश घोषित थे
मध्यप्रदेश शासन ने 19 दिसंबर 2022 को 2023 के लिए बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत 16 दिन की छुट्टियां घोषित की थीं। इनमें रक्षाबंधन के त्योहार शामिल नहीं था। इस वर्ष गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, होली, रामनवमीं, बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी, महावीर जयंती, गुड फ्रायडे, ईद-उल-फितर, बुद्ध पूर्णिमा, ईदुज्जुहा, मोहर्रम, स्वतंत्रता दिवस, गांधी जयंती, दशहरा, गुरुनानक जयंती और क्रिसमस की छुट्टी घोषित की गई थी।
- यह भी पढ़े: Sawan Somwar 2023: 28 अगस्त सावन के आखिरी सोमवार को बन रहा महासंयोग, होने जा रही हैै भोले बाबा की कृपा